मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
खेल

अभिनंदन के चार विकेट और आराध्य का अर्धशतक, लखनऊ फाल्कन्स की पहली जीत

यूपी टी-20 लीग सीजन-4: रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स को तीन विकेट से दी मात लखनऊ मैन ऑफ द मैच अभिनंदन सिंह की घातक गेंदबाजी और आराध्य यादव के शानदार अर्धशतक की बदौलत लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के रोमांचक मुकाबले…

साझा करें WhatsAppFacebookX
अभिनंदन के चार विकेट और आराध्य का अर्धशतक, लखनऊ फाल्कन्स की पहली जीत
मैन ऑफ द मैच अभिनंदन सिंह.
  • यूपी टी-20 लीग सीजन-4: रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स को तीन विकेट से दी मात

लखनऊ मैन ऑफ द मैच अभिनंदन सिंह की घातक गेंदबाजी और आराध्य यादव के शानदार अर्धशतक की बदौलत लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स को तीन विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लखनऊ ने 137 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवर में सात विकेट खोकर हासिल कर लिया।

लखनऊ की जीत में अभिनंदन सिंह ने अहम भूमिका निभाते हुए 4 विकेट हासिल किए। वहीं नोएडा किंग्स के युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम ने भी शानदार प्रदर्शन किया। यूपीसीए के ‘स्पीड हंट’ से सामने आए शुभम को नीलामी में 21.50 लाख रुपये में खरीदा गया था। उन्होंने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट झटके।

मैच का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाकर किया। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, सदस्य संजीव कुमार सिंह, आयोजन समिति के सदस्य मोहनलाल अग्रवाल और फैसल शेरवानी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने प्रदेश में क्रिकेट को लेकर नया उत्साह पैदा किया है। युवा खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर मिल रहा है, जिससे उन्हें काफी कुछ सीखने को मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस लीग से निकलने वाले खिलाड़ी आगे चलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

डॉ. संजय कपूर ने कहा कि हर मुकाबले के साथ लीग में प्रतिस्पर्धा और रोमांच बढ़ रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने और उनके खेल को निखारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दर्शकों का उत्साह भी लीग की सफलता को खास बना रहा है।

टॉस जीतकर लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नोएडा किंग्स ने 34 रन की शुरुआती साझेदारी के साथ अच्छी शुरुआत की, लेकिन नवनीत कुमार ने चौथे ओवर में शोएब सिद्दीकी को आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद अभिनंदन सिंह ने एक ही ओवर में दो बल्लेबाजों को बोल्ड किया, जबकि प्रियम गर्ग के शानदार सीधे थ्रो से एक और विकेट गिरा। पावरप्ले में ही नोएडा की आधी टीम 48 रन पर पवेलियन लौट गई।

इसे भी पढे़ं : यूपी टी-20 लीग सीजन-4 : अभिनंदन-नवनीत की घातक गेंदबाजी, 136 रन पर सिमटी नोएडा किंग्स

शिवा सिंह ने आठवें ओवर में विप्रज निगम के खिलाफ लगातार तीन छक्के लगाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन अगले ही ओवर में नवनीत कुमार ने उन्हें आउट कर दिया। इसके बाद बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू ने आठवें विकेट के लिए 49 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर नोएडा को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में सिद्धू को आउट कर साझेदारी तोड़ी। अंतिम ओवर में अभिनंदन सिंह ने दो और विकेट लेकर नोएडा किंग्स की पारी 19.5 ओवर में 136 रन पर समेट दी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने 41 रन पर दो विकेट गंवा दिए। शुभम गौतम ने मोहम्मद सैफ को आउट कर अपना पहला विकेट हासिल किया। इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज आराध्य यादव ने शानदार संयम दिखाते हुए पारी को संभाला। उन्होंने 42 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। शुभम गौतम ने 16वें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर मुकाबले को फिर रोमांचक बना दिया। उन्होंने पहले आराध्य यादव और फिर इम्पैक्ट प्लेयर अली जफर मोहसिन को खाता खोले बिना आउट किया। इस समय लखनऊ का स्कोर 108 रन पर छह विकेट था और टीम को 24 गेंदों में 29 रन की जरूरत थी।दबाव के इस दौर में समीर चौधरी ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 19 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। समीर ने 20वें ओवर में विजयी रन बनाते हुए लखनऊ फाल्कन्स को तीन विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।

संक्षिप्त स्कोर

नोएडा किंग्स -136 रन, 19.5 ओवर
बॉबी यादव 29, कार्तिक सिद्धू 23, शिवा सिंह 22
(अभिनंदन सिंह 4 विकेट, नवनीत कुमार 3 विकेट)

लखनऊ फाल्कन्स- 140/7, 19.2 ओवर
आराध्य यादव 51, समीर चौधरी नाबाद 28
(शुभम गौतम 3 विकेट, माधव कौशिक 2 विकेट)