लखनऊ, पायनियर खेल संवाददाता। अभिनंदन सिंह (चार विकेट) और नवनीत कुमार (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के छठे मैच में नोएडा किंग्स की पारी 136 रन पर समेट दी। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में लखनऊ फाल्कन्स के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लिए जिसके सामने नोएडा किंग्स की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई।
इस मैच की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाकर की। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, आयोजन समिति के सदस्य मोहनलाल अग्रवाल और फैसल शेरवानी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने क्रिकेट को लेकर प्रदेश में एक अलग तरह का उत्साह पैदा किया है। इस लीग में युवा खिलाड़ियों को अनुभवी और स्थापित क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर मिल रहा है, जिससे उन्हें काफी कुछ सीखने को मिलता है। प्रदेश के युवाओं में खेल को लेकर जो जुनून है, उसे सही मंच और अवसर मिलना बहुत जरूरी है। मुझे उम्मीद है कि यूपी टी-20 लीग से निकलने वाले खिलाड़ी आगे चलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के हर मुकाबले के साथ प्रतिस्पर्धा और रोमांच बढ़ रहा है। हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों को लगातार बेहतर अवसर मिलें और वे इस मंच का पूरा लाभ उठाकर अपने खेल को निखारें। दर्शकों का उत्साह भी लीग की सफलता को और खास बना रहा है।

औपचारिक शुरुआत के बाद लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। नोएडा किंग्स ने पहले विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी कर अच्छी शुरुआत की। हालांकि चौथे ओवर में नवनीत कुमार ने शोएब सिद्दीकी को आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद पांचवें ओवर में अभिनंदन सिंह ने दो विकेट लेकर नोएडा की मुश्किलें बढ़ा दीं।इसी ओवर में प्रियम गर्ग ने सीधे थ्रो कर नोएडा के आदित्य को रन आउट कर दिया जिससे पावरप्ले के भीतर टीम का स्कोर 48/5 हो गया। नोएडा की ओर से शिवा सिंह ने आठवें ओवर में विप्रज निगम के खिलाफ लगातार तीन छक्के लगाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन अगले ही ओवर में नवनीत कुमार ने उन्हें आउट कर अपना तीसरा विकेट हासिल कर लिया।
ऐसे में नोएडा की पारी को बॉबी यादव (29) और कार्तिक सिद्धू (23) ने संभाला। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 49 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम का स्कोर 130 रन के पार पहुंचाया। भुवनेश्वर कुमार ने पारी के 19वें ओवर में सिद्धू को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।इसके बाद पारी का अंतिम ओवर अभिनंदन सिंह ने किया और दो और विकेट लेकर नोएडा किंग्स की पारी 136 रन पर समेट दी। अभिनंदन ने चार विकेट जबकि नवनीत कुमार ने तीन विकेट हासिल किए।
संक्षिप्त स्कोरकार्ड:
नोएडा किंग्स – 136 रन, 19.5 ओवर
बॉबी यादव 29, कार्तिक सिद्धू 23, शिवा सिंह 22
(अभिनंदन सिंह 4 विकेट, नवनीत कुमार 3 विकेट)
नोएडा किंग्स – 136 रन, 19.5 ओवर
बॉबी यादव 29, कार्तिक सिद्धू 23, शिवा सिंह 22
(अभिनंदन सिंह 4 विकेट, नवनीत कुमार 3 विकेट)