आमने-सामने से भिड़े दो बाइक सवार, एक की दर्दनाक मौत
सेमरा मोड़ के पास हादसा, एम्स ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम सलोन

रायबरेली। सलोन-ऊंचाहार मार्ग पर सेमरा मोड़ के पास शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि उसके साथ पीछे बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के भकरी मजरे उमरन गांव निवासी जियालाल पुत्र रामनाथ शनिवार देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। सलोन-ऊंचाहार मार्ग पर सर्विस रोड के सेमरा मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में जियालाल और बाइक पर पीछे बैठे उनके साथी हरीलाल निवासी भकरी मजरे उमरन गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से भाग निकला।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जियालाल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें एम्स मुंशीगंज रेफर कर दिया। हालांकि, एम्स ले जाते समय मुंशीगंज के निकट रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय ने बताया कि मृतक की पत्नी सोना देवी की तहरीर पर बाइक चालक जीतलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



