मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
अपराध

गोहरामऊ में महिला की हत्या का 24 घंटे में खुलासा

दूसरी शादी से नाराज पूर्व पति ने बेटे के साथ मिलकर की हत्या, राजू गिरफ्तार, नाबालिग बेटा निगरानी में पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। गोहरामऊ गांव के बाहर दुपुला नहर पुलिया की पटरी पर महिला की गला काटकर हत्या के मामले का काकोरी…

साझा करें WhatsAppFacebookX
गोहरामऊ में महिला की हत्या का 24 घंटे में खुलासा

दूसरी शादी से नाराज पूर्व पति ने बेटे के साथ मिलकर की हत्या, राजू गिरफ्तार, नाबालिग बेटा निगरानी में

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। गोहरामऊ गांव के बाहर दुपुला नहर पुलिया की पटरी पर महिला की गला काटकर हत्या के मामले का काकोरी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतका के पूर्व पति राजू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसके नाबालिग बेटे को निगरानी में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने राजू की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका भी बरामद किया है। गुरुवार सुबह आम के बाग के पास नहर की पटरी पर प्रेमा देवी का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई थी।

उसके गले और चेहरे पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी काकोरी शकील अहमद और एडीसीपी पश्चिमी धनंजय कुशवाहा ने मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, प्रेमा देवी की करीब 18 वर्ष पहले सेमरामऊ निवासी राजू यादव से शादी हुई थी। दोनों का एक बेटा है।

करीब आठ माह पहले प्रेमा ने गोहरामऊ निवासी प्रदीप यादव से कोर्ट मैरिज कर ली थी और उसके साथ रहने लगी थी। दूसरी शादी को लेकर राजू नाराज था और दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। प्रदीप यादव की तहरीर पर पुलिस ने राजू यादव और उसके बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राजू ने बताया कि दूसरी शादी से नाराज होकर उसने बेटे के जरिए प्रेमा को गांव के पास बुलवाया था। वहां दोनों ने उसे पकड़ लिया और बांका से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

इसके बाद शव को नहर की पटरी पर छोड़कर दोनों वहां से फरार हो गए। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राजू यादव को गुलरिया खेड़ा गांव में मंदिर के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद किया गया। पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराएं बढ़ाई हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी।