मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
हरिद्वार

निठारी कांड में बरी सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में संदिग्ध मौत

चार दिन पहले ही खोला था चाय का खोखा पुलिस को आत्महत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार पायनियर समाचार सेवा। हरिद्वार। नोएडा के चर्चित निठारी कांड में आरोपी रहे और वर्ष 2025 में अदालत से बरी किए गए सुरेंद्र कोली की…

साझा करें WhatsAppFacebookX
निठारी कांड में बरी सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में संदिग्ध मौत
  • चार दिन पहले ही खोला था चाय का खोखा

  • पुलिस को आत्महत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पायनियर समाचार सेवा। हरिद्वार। नोएडा के चर्चित निठारी कांड में आरोपी रहे और वर्ष 2025 में अदालत से बरी किए गए सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के भूपतवाला में लालमाता मंदिर के सामने चाय के खोखे के भीतर उनका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय सुरेंद्र कोली पुत्र शंकु राम, निवासी ग्राम मंगरुखाल, भिकियासैंण, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। बताया गया कि कोली पिछले कुछ समय से हरिद्वार में रह रहा था और रोशनाबाद में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था। पुलिस के मुताबिक, वह करीब चार दिन पहले भूपतवाला क्षेत्र में आया था और यहां चाय का खोखा शुरू किया था। शुक्रवार को किसी समय उसने खोखे के अंदर ही आत्महत्या कर ली। आसपास के लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।

निठारी कांड से चर्चा में आया था नाम

सुरेंद्र कोली का नाम वर्ष 2009 में नोएडा के निठारी कांड के सिलसिले में सामने आया था। पुलिस ने उसे मामले में मुख्य आरोपी बनाया था। हालांकि, वर्ष 2025 में अदालत ने उसे निठारी कांड से जुड़े मामलों में बरी कर दिया था। पुलिस अब कोली के हरिद्वार में रहने, उसके परिचितों और पिछले कुछ समय की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मौके पर सुसाइड नोट मिला या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और उसके संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पारिवारिक विवाद की भी जांच

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पारिवारिक क्लेश की आशंका सामने आई है। बताया जा रहा है कि निठारी कांड में नाम सामने आने के बाद परिवार ने उससे दूरी बना ली थी। हालांकि, पुलिस ने अभी आत्महत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।