-
करीब दो लाख रुपये के आभूषण और गैस सिलेंडर बरामद
पायनियर समाचार सेवा। देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर और आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तीनों आरोपित नशे के आदी हैं और नशे व अन्य जरूरतों की पूर्ति के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपितों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत के आभूषण और एक गैस सिलेंडर बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रवेश विहार, लालढांग नवादा निवासी जसकरन पाल ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर देकर बताया था कि उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर गैस सिलेंडर और ज्वैलरी चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 384/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने पूर्व में चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके आरोपितों का सत्यापन किया और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 16 सितंबर को ईंट भट्टा नवादा ग्राउंड स्थित खंडहर के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने कुछ दिन पूर्व प्रवेश विहार स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर और ज्वैलरी चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपित चोरी किए गए आभूषण और अन्य सामान को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र बडोनी, चौकी प्रभारी जोगीवाला, कांस्टेबल विपिन सेमवाल, कांस्टेबल कृष्णानंद सेमवाल और पीआरडी योगेश कुमार शामिल रहे।