अधिकारी नाव से पहुंचे गांव, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
जलस्तर बढ़ा तो प्रशासन हुआ सक्रिय, झाऊबेरिया में जल पुलिस तैनात
पायनियर समाचार सेवा। लखनऊ
बेहता नाले के उफान से रहीमाबाद क्षेत्र के झाऊबेरिया गांव के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नाले का पानी पुलिया के ऊपर से बहने के कारण गांव का मुख्य रास्ता जलमग्न हो गया है। इससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है। रोजमर्रा के काम से गांव से बाहर जाने वाले लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। शनिवार को मलिहाबाद एसडीएम अपराजिता आर्यन ने झाऊबेरिया गांव पहुंचकर नाव के माध्यम से बेहता नाले का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों के आवागमन को देखते हुए गांव तक नाव चलाने की व्यवस्था भी कराई गई। वहीं रविवार को मलिहाबाद एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह ने झाऊबेरिया गांव पहुंचकर बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। एसीपी ने नाव के माध्यम से गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से बातचीत की और जलभराव के कारण हो रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिया के ऊपर से बह रहे पानी की गहराई के बारे में भी जानकारी ली।
एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए जल पुलिस तैनात की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से बेहता नाले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र और तेज बहाव वाले पानी से दूर रहने की अपील की है। इस मौके पर रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।