12 साल के विकास दावों पर उठाए सवाल, खेड़ी कॉलोनी सुखी नहर की बदहाल सड़क का वीडियो जारी कर प्राथमिकता से निर्माण की मांग
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद
एनआईटी-86 विधानसभा क्षेत्र के खेड़ी कॉलोनी स्थित सुखी नहर इलाके में शहीद विनय कपूरवान के घर तक जाने वाली बदहाल सड़क को लेकर पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है। नीरज शर्मा ने शहीद के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और वहां की जर्जर सड़क, जलभराव, गहरे गड्ढों तथा कीचड़ की स्थिति का वीडियो संदेश के माध्यम से सामने रखा।
पूर्व विधायक ने केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के विकास संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की जमीनी हकीकत इन दावों से अलग है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की जनता विकास के दावों को सुनने के साथ-साथ अपने आसपास की वास्तविक स्थिति को भी देख रही है। नीरज शर्मा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन स्थिति यह है कि देश की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद के परिवार को भी अपने घर तक पहुंचने के लिए पक्की और बेहतर सड़क की सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं और बारिश के बाद जलभराव व कीचड़ के कारण यहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने सरकार और स्थानीय प्रशासन से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर शहीद परिवार की सुविधा को प्राथमिकता देने की अपील की। शर्मा ने कहा कि देश की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले जवान और उनके परिवार पूरे समाज के सम्मान के पात्र हैं। ऐसे में शहीद के घर तक जाने वाला रास्ता बेहतर होना केवल विकास का मुद्दा नहीं, बल्कि शहीद के सम्मान से भी जुड़ा विषय है।
पूर्व विधायक ने सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से मांग की कि एनआईटी-86 के खेड़ी कॉलोनी सुखी नहर क्षेत्र में शहीद विनय कपूरवान के घर तक जाने वाली सड़क का अविलंब पक्का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कर जलभराव की समस्या का भी स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
—–