-
कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप।
पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों के विरोध में भाजपा ने सोमवार को हल्द्वानी में सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना आयोजित किया। जिला नैनीताल भाजपा अध्यक्ष प्रताप बिष्ट के नेतृत्व में स्वर्गीय हरि प्रसाद टम्टा पार्क, पीडब्ल्यूडी कार्यालय तिकोनिया के समीप आयोजित धरने में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर जातिवादी मानसिकता को बढ़ावा देने, दलितों का अपमान करने और समाज में वैमनस्य फैलाने का आरोप लगाया। जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस मुद्दाविहीन होकर झूठे नैरेटिव गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सामाजिक एकता और भाईचारे की रक्षा के लिए भाजपा लगातार आवाज उठाती रहेगी।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड वीर शहीदों की जननी और देवभूमि के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी की बयानबाजी के जरिए प्रदेश के शांतिपूर्ण माहौल में जातिवादी मानसिकता का जहर घोलने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक सरिता आर्य, महापौर गजराज बिष्ट और पूर्व महापौर जोगिंदर रौतेला ने रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। धरने में बंशीधर भगत, राजेंद्र सिंह बिष्ट, कौस्तुभानंद जोशी, शांति मेहरा समेत भाजपा के कई पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकतार्ओं ने राहुल गांधी के विरोध में नारेबाजी करते हुए सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।