पीलीभीत। विधानसभा क्षेत्र 127 पीलीभीत में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के नेता सतेन्द्र मौर्य ने दर्जनों गांवों में बूथ स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं आगामी चुनावी तैयारियों पर चर्चा की।
जनसंपर्क के दौरान सतेन्द्र मौर्य ने कहा कि आज देश और प्रदेश में संविधान की रक्षा, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और लगातार बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दे आम जनता के सामने बड़ी चुनौती बने हुए हैं। उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को जाना और उनके समाधान के लिए आवाज उठाने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान कराए गए जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी लोगों को दी। साथ ही वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनता से किए गए वादों और घोषणाओं को भी विस्तार से बताया।
सतेन्द्र मौर्य ने लोगों से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रदेश में बदलाव का रास्ता मजबूत होगा। उन्होंने बूथ प्रभारियों से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
इस दौरान पार्टी के सम्मानित बूथ प्रभारियों एवं गांव के प्रमुख लोगों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी सतेन्द्र मौर्य का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान गांवों में समाजवादी पार्टी के प्रति लोगों की उत्सुकता और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।