मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तराखंड

फूलों की घाटी में पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद, तीन माह में पहुंचे 25,735 सैलानी

देहरादून। विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में इस वर्ष पर्यटकों की आमद ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। एक जून को पर्यटकों के लिए खोली गई फूलों की घाटी में 31 अगस्त तक तीन माह में 25,735 पर्यटक पहुंच चुके…

साझा करें WhatsAppFacebookX
फूलों की घाटी में पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद, तीन माह में पहुंचे 25,735 सैलानी

देहरादून। विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में इस वर्ष पर्यटकों की आमद ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। एक जून को पर्यटकों के लिए खोली गई फूलों की घाटी में 31 अगस्त तक तीन माह में 25,735 पर्यटक पहुंच चुके हैं। इनमें 196 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। पर्यटकों की बढ़ी संख्या से पार्क प्रशासन को प्रवेश शुल्क के रूप में 48 लाख 48 हजार 200 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

चमोली जिले की उच्च हिमालयी भ्यूंडार घाटी में समुद्र तल से करीब 3,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित फूलों की घाटी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, दुर्लभ वनस्पतियों और रंग-बिरंगे पुष्पों के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। इस वर्ष घाटी में बेहतर फ्लावरिंग के साथ मौसम भी पर्यटकों के अनुकूल रहा। जुलाई और अगस्त में मानसून के दौरान भी बड़ी संख्या में पर्यटकों ने घाटी का रुख किया।

नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान, ज्योर्तिमठ के उप वन संरक्षक यश ढोबले ने बताया कि इस वर्ष घाटी में अच्छी फ्लावरिंग और सुहावने मौसम के साथ पार्क प्रशासन की ओर से पर्यटकों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गईं। इसका सकारात्मक असर पर्यटकों की संख्या पर पड़ा है और पिछले वर्षों की तुलना में इस बार पर्यटकों की आमद में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

सितंबर-अक्टूबर में और बढ़ सकती है संख्या

पार्क प्रशासन के अनुसार फूलों की घाटी में पर्यटकों की आवाजाही अभी सुचारु रूप से जारी है। सितंबर और अक्टूबर में मौसम अनुकूल रहने पर पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी फूलों की घाटी का प्रवेश द्वार 31 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद अगले पर्यटन सत्र में ही घाटी को पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।
एक नजर में
25,735 — कुल पर्यटक
196 — विदेशी पर्यटक
₹48.48 लाख — प्राप्त राजस्व
31 अक्टूबर — शीतकाल के लिए बंद होगा पार्क

Report- सोनू उनियाल 

लेखक

Rashmi Singh

रश्मि सिंह मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर हैं और मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्राउंड रिपोर्टिंग और कंटेंट लेखन से की तथा समय के साथ देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार चैनलों में कार्य किया। राजनीति, समसामयिक घटनाक्रम, उत्तर प्रदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन जगत की रिपोर्टिंग एवं विश्लेषण में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों क्षेत्रों में काम करते हुए उन्होंने तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को अपनी पहचान बनाया है।

लेखक की सभी खबरें →