• भाई की कलाई सजाने को मीलों का सफर, बसों में दिखी उत्साह और अपनापन की तस्वीर
• महराजगंज बस स्टेशन पर सुबह से दिखा भावुक कर देने वाला नजारा
• राखी के धागों में लिपटा बहनों का प्यार, दूरियां हुईं बेअसर
पायनियर संवाददाता
गोरखपुर। शहर से लेकर गांवों तक शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया जा रहा है। भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास का प्रतीक यह पर्व रिश्तों में मिठास घोल रहा है। बहनों के कदम भले ही कई किलोमीटर की दूरी नाप रहे हों, लेकिन भाई की कलाई पर राखी बांधने की चाह ने हर थकान को पीछे छोड़ दिया।
हाथों में राखी और मिठाई का डिब्बा लिए बहनें दूर-दराज से अपने भाइयों के घर पहुंच रही हैं। गोरखपुर बस स्टेशन पर सुबह से ही बहनों की भीड़ देखने को मिली। कोई महराजगंज से पहुंची तो कोई आजमगढ़ से। बसों में बैठी बहनों के चेहरों पर सफर की थकान कम और भाई से मिलने की खुशी अधिक नजर आई। बस स्टेशन का माहौल ऐसा था, मानो हर रास्ता भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की ओर बढ़ रहा हो।गोरखपुर पहुंचीं कौशल्या बस स्टेशन पर मिलीं।
शहर संवाददाता को उन्होंने बताया कि वह अपने भाई को राखी बांधने आई हैं। चेहरे पर खुशी लिए उन्होंने कहा कि भाई को राखी बांधने की खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। सरकार की ओर से मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से उनके जैसे हजारों बहनों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इसे सराहनीय पहल बताया।
वहीं, बगल में बैठीं सुमन आजमगढ़ से यात्रा कर आई थी। उन्होंने बताया कि उन्हें राखी बांधने के लिए ठूठीबारी जाना है और राखी बांधकर उसी दिन वापस भी लौटना है। लंबा सफर होने के बावजूद उनके चेहरे पर उत्साह साफ झलक रहा था। बोलीं, भाई की कलाई पर राखी बांधने के सामने सफर की दूरी कोई मायने नहीं रखती।बस स्टेशन पर सुबह का नजारा देखते ही बन रहा था। एक ओर बसों के आने-जाने की आपाधापी थी तो दूसरी ओर राखी और मिठाइयों से भरे थैलों के साथ बहनों की चहल-पहल।
कोई फोन पर भाई को अपने पहुंचने की खबर दे रही थी तो कोई घर पहुंचने के बाद होने वाली मुलाकात की कल्पना में मुस्कुरा रही थी।रक्षाबंधन केवल कलाई पर बंधने वाला धागा नहीं, बल्कि बचपन की यादों, रूठने-मनाने और जीवनभर साथ निभाने के भरोसे का नाम है। इसी भरोसे को दिल में संजोए बहनें मीलों की दूरी तय कर भाइयों के पास पहुंच रही हैं। वहीं भाई भी बहनों के स्वागत और उनकी खुशियों को यादगार बनाने में जुटे हैं।
डीएम और एसपी ने जनपदवासियों को दी राखी की शुभकामनाएं
जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ ने रक्षाबंधन पर्व पर जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। दोनों अधिकारियों ने अपने संदेश में कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आपसी संबंधों को मजबूत करने वाला पवित्र पर्व है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से त्योहार को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने ने कहा कि पर्व की खुशियां सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएं। उन्होंने जनपदवासियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से रक्षाबंधन मनाने का भी आह्वान किया।