-हॉर्न बजाने को लेकर हुआ विवाद, दर्जनभर से अधिक युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे
कविता। फरीदाबाद
एनआईटी-1 मार्केट में 25 अगस्त की रात जूतों की दुकान पर दर्जनभर से अधिक युवकों ने लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर जमकर तोड़फोड़ की। हमले में दुकान पर मौजूद दुकानदार के भाई को चोट लगी। वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक दुकान में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एनआईटी-1 मार्केट में आरके फुटवियर के नाम से दुकान चलाने वाले हन्नी ने बताया कि दुकान उनके पिता राजकुमार के नाम पर है। रात में दुकान बंद करने की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक बड़ी संख्या में युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान दुकान में मौजूद हन्नी के भाई को चोट लग गई।
एनआईटी-1 मार्केट में आरके फुटवियर के नाम से दुकान चलाने वाले हन्नी ने बताया कि दुकान उनके पिता राजकुमार के नाम पर है। रात में दुकान बंद करने की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक बड़ी संख्या में युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान दुकान में मौजूद हन्नी के भाई को चोट लग गई।
हन्नी के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले उनके पिता राजकुमार दुकान से कुछ दूरी पर कपड़ा खरीद रहे थे। वहां स्कूटी का हॉर्न बजाने को लेकर एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई। पिता के बुलाने पर हन्नी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक वहां से जा चुका था। आरोप है कि कुछ देर बाद वही युवक अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और हमला कर दिया।
नौ आरोपित गिरफ्तार, जेल भेजे: थाना कोतवाली पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित अमन ने शराब पी रखी थी। शिकायतकर्ता की स्कूटी का हॉर्न बजने पर वह भड़क गया और गाली-गलौच करने लगा। इसके बाद उसने फोन कर अपने साथियों को बुलाया। आरोप है कि सभी ने दुकान में घुसकर दुकानदार और उसके परिजनों से लाठी-डंडों व रॉड से मारपीट की, दुकान में तोड़फोड़ की और नकदी लूट ली। पुलिस ने मामले में अमन, रितिक, हिमांशु, लक्ष्य उर्फ लक्कू, नितिकेश, अभिषेक, अनिकेत, समीर और प्रेम पुत्र राजू, सभी निवासी ब्लॉक-सी, टाउन नंबर-2, एनआईटी फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
सभी आरोपितों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थाना कोतवाली प्रभारी मनजीत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि शहर में इस तरह की गुंडागर्दी और बदमाशी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।