-टायर के नीचे आने से बाल-बाल बची
पायनियर समाचार सेवा। भिवानी
तोशाम में एक निजी स्कूल बस की लापरवाही का मामला सामने आया है। बस का फर्श टूटा होने के कारण करीब चार साल की बच्ची चलती बस से नीचे निकल गई। इस दौरान बच्ची की गर्दन फर्श में फंस गई और उसका शरीर बस के नीचे चला गया। गनीमत रही कि समय रहते बच्ची को बाहर निकाल लिया गया और वह बस के टायर के नीचे आने से बाल-बाल बच गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष फैल गया।
जानकारी के अनुसार, तोशाम निवासी सुमित महता की करीब चार वर्षीय बेटी एक निजी स्कूल में केजी कक्षा में पढ़ती है। गुरुवार को परिजनों ने बच्ची को स्कूल बस में बैठाया था। बस के थोड़ी दूर चलते ही बस में सवार अन्य बच्चे चिल्लाने लगे। सुमित के अनुसार, जब उन्होंने देखा तो उनकी बेटी की गर्दन बस के फर्श में फंसी हुई थी। बच्ची का सिर बस के अंदर था, जबकि उसका शरीर नीचे की तरफ चला गया था। परिजनों और अन्य लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बच्ची को बाहर निकाला। परिजनों का कहना है कि बच्ची बेहद भाग्यशाली रही। यदि बस आगे चलती रहती और बच्ची का शरीर टायर के नीचे आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद डायल-112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिजनों का आरोप है कि बस करीब एक साल से चल रही थी, लेकिन इसके टूटे हुए फर्श की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। घटना के बाद बस चालक के मौके से चले जाने की बात भी सामने आई है। तोशाम थाना प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि निजी स्कूल बस का फर्श टूटा होने के कारण बच्ची नीचे निकल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शिकायतकर्ता को लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया है। शिकायत मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने स्कूल बसों की फिटनेस और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।