लखनऊ: रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की माताओं और बहनों के नाम एक भावनात्मक संदेश जारी किया है। मुख्यमंत्री ने अपनी ‘पाती’ में रक्षाबंधन को स्नेह, विश्वास और संकल्प का पर्व बताते हुए कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने वाला त्योहार नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति समाज के संकल्प को दोहराने का अवसर भी है। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद और सुरक्षित जीवन की कामना की।
मिशन शक्ति से महिला सुरक्षा को मजबूती
सीएम योगी ने अपने संदेश में प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी लगातार काम कर रही है।मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन पहलों से बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। सरकार का उद्देश्य बेटियों को किसी भी स्तर पर भेदभाव का सामना न करना पड़े और वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकें।
27 से 29 अगस्त तक महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा
रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं और बहनों को बड़ी सुविधा देने का फैसला भी किया गया है। मुख्यमंत्री के संदेश के मुताबिक, 27 अगस्त से 29 अगस्त तक महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी।सरकार की ओर से वर्ष 2017 से रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की परंपरा जारी है। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान महिलाओं को अपने मायके या परिवार तक सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से पहुंचने में मदद करना है।रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों के घर जाती हैं। ऐसे में मुफ्त बस सेवा से त्योहार के दौरान होने वाले अतिरिक्त यात्रा खर्च को कम करने में भी मदद मिलेगी।
सुरक्षाबलों और पुलिसकर्मियों को बांधें रक्षा-सूत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में महिलाओं से एक विशेष अपील भी की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों को रक्षा-सूत्र बांधकर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें।उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षाबल दिन-रात लोगों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के मौके पर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना समाज की जिम्मेदारी है।
स्थानीय राखियों और उपहारों को दें प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से रक्षाबंधन के दौरान स्थानीय स्तर पर तैयार राखियों और उपहारों को प्राथमिकता देने की अपील भी की। इसका उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, छोटे कारोबारियों और महिला समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत करना है।उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार की खरीदारी करते समय स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें, ताकि रक्षाबंधन की खुशियां प्रदेश के कारीगरों और छोटे व्यापारियों तक भी पहुंच सकें।सीएम योगी की रक्षाबंधन की यह ‘पाती’ जहां भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह और विश्वास का संदेश देती है, वहीं इसमें महिला सुरक्षा, स्वावलंबन, सरकारी योजनाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का संदेश भी साफ दिखाई देता है।