मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
खेल

कप्तान रिंकू सिंह के अर्धशतक से मेरठ मावेरिक्स विजयी, DLS से लखनऊ फाल्कन्स हारा

लखनऊ। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के रोमांचक मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने लखनऊ फाल्कन्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति के आधार पर 5 रन से हरा दिया। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बारिश ने खलल डाला, जिसके चलते मेरठ को…

साझा करें WhatsAppFacebookX
कप्तान रिंकू सिंह के अर्धशतक से मेरठ मावेरिक्स विजयी, DLS से लखनऊ फाल्कन्स हारा
रिंकू सिंह को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

लखनऊ। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के रोमांचक मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने लखनऊ फाल्कन्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति के आधार पर 5 रन से हरा दिया। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बारिश ने खलल डाला, जिसके चलते मेरठ को विजेता घोषित किया गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ ने 32 गेंदों में 45 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद अजीत वर्मा ने 37 गेंदों पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 53 रन बनाकर अर्धशतक जड़ा। दोनों बल्लेबाजों की बदौलत टीम ने मजबूत स्थिति बनाई। मेरठ की ओर से जीशान अंसारी और विजय कुमार ने 2-2 विकेट लिए।

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत खराब रही। भुवनेश्वर कुमार ने स्वास्तिक चिकारा को आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद अभिनंदन सिंह ने एक ही ओवर में रितुराज शर्मा और अक्षय दुबे को पवेलियन भेजकर मेरठ को संकट में डाल दिया। टीम का स्कोर 22 रन पर 3 विकेट हो गया।

इसके बाद दिव्यांश जोशी और दिव्यांश राजपूत ने 52 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला, लेकिन 10वें ओवर के बाद दोनों बल्लेबाज लगातार आउट हो गए। 15 ओवर के बाद मेरठ को जीत के लिए अंतिम 5 ओवर में 59 रन की जरूरत थी।

मुश्किल हालात में कप्तान रिंकू सिंह ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने महज 24 गेंदों पर 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 55 रन बनाए। जब बारिश का खतरा मंडरा रहा था, उस समय मेरठ पार स्कोर से पीछे था, लेकिन रिंकू ने नवनीत कुमार के 17वें ओवर में 5 गेंदों पर 26 रन बटोरकर टीम को डीएलएस स्कोर से आगे पहुंचा दिया।

16.5 ओवर में मेरठ का स्कोर 6 विकेट पर 154 रन था, तभी तेज बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। इसके बाद मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और मेरठ मावेरिक्स को डीएलएस के आधार पर 5 रन से विजेता घोषित कर दिया गया। रिंकू सिंह को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच की शुरुआत लखनऊ पुलिस के जॉइंट कमिश्नर बबलू कुमार ने पारंपरिक तरीके से घंटा बजाकर की। उन्होंने कहा कि यह लीग युवाओं में अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का बेहतर मंच है। वहीं, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़ा मंच देना है।

मैच की शुरुआत लखनऊ पुलिस के जॉइंट कमिश्नर बबलू कुमार ने पारंपरिक तरीके से घंटा बजाकर की।