मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
अपराध

सोसाइटी की 25वीं मंजिल से कूदकर युवक ने जान दी

पायनियर समाचार सेवा गाजियाबाद। पंचवटी कॉलोनी में रहने वाले युवक ने बुधवार को लैंडक्रॉफ्ट गोल्फ लिंक्स सोसाइटी की 25वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक सीसीटीवी कैमरों में लिफ्ट से जाता दिखाई दिया। कविनगर पुलिस का कहना है कि मौके से…

साझा करें WhatsAppFacebookX
सोसाइटी की 25वीं मंजिल से कूदकर युवक ने जान दी

पायनियर समाचार सेवा
गाजियाबाद। पंचवटी कॉलोनी में रहने वाले युवक ने बुधवार को लैंडक्रॉफ्ट गोल्फ लिंक्स सोसाइटी की 25वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक सीसीटीवी कैमरों में लिफ्ट से जाता दिखाई दिया। कविनगर पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

घटना का विवरण: कविनगर पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब नौ बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि लैंडक्रॉफ्ट गोल्फ लिंक्स सोसाइटी के टावर टू-ए से एक व्यक्ति गिर गया है। युवक को संजयनगर स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पहचान नगर कोतवाली क्षेत्र की पंचवटी कॉलोनी में रहने वाले 22 वर्षीय अर्पण गोयल के रूप में हुई। अर्पण नोएडा सेक्टर-62 स्थित एक कंपनी में नौकरी करता था। उसका दोस्त प्रखर लैंडक्रॉफ्ट गोल्फ लिंक्स सोसाइटी के टावर टू-ए की 16वीं मंजिल पर रहता है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह आठ बजे अर्पण ने प्रखर को फोन किया था। उसने उससे मिलने के लिए सोसाइटी आने की बात कही थी। इसके बाद वह अपने घर से करीब साढ़े पांच किलोमीटर दूर स्थित लैंडक्राफ्ट सोसाइटी पहुंचा, लेकिन प्रखर से उसकी मुलाकात नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक अर्पण सुबह करीब साढ़े आठ बजे टावर टू-ए में पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि वह 25वीं मंजिल तक लिफ्ट से गया और फिर कूदकर आत्महत्या कर ली।

दोस्त ने की पहचान: घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। दोस्त प्रखर ने मृतक की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने अर्पण के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन संजयनगर स्थित अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अर्पण घर से निकलते समय अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया था। हालांकि, परिजन फिलहाल उसकी मौत के कारण के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सके।

शुरूआती जांच में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका है। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों और दोस्त से पूछताछ के बाद ही कारणों का पता चल सकेगा।
सिद्धार्थ गौतम, एसीपी कविनगर