शाहजहांपुर में पाँच दिनों से खराब पड़ा ट्रांसफार्मर, अंधेरे में डूबा गांव, ग्रामीणों में रोष

शाहजहाँपुर। यूपी के शाहजहांपुर में विकासखंड कांट क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुड़िया आस में पिछले पाँच दिनों से विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। लगातार कई दिनों से बिजली न आने के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसके साथ विद्युत विभाग के हेल्पलाइन पर भी शिकायत की लेकिन कोई हल नहीं निकला।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से घरों में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रात में अंधेरे के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ गई है।

गांव के हरिओम, देवेंद्र राजीव रंजीत, बृजेश, अनुज, नीलेश यादव,रोहित, प्रेमपाल, खुशी राम सुखपाल, रिवाल, मुकेश और संतोष ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले पाँच दिनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, लेकिन विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उनका कहना है कि ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बाद भी केवल आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न होने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मोबाइल फोन चार्ज करने तक में परेशानी हो रही है और लोगों को अन्य गांवों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलवाकर या मरम्मत कराकर बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल कराई जाए, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *