- जो कोई भी भारत में कारोबार करना चाहता है, उसे देश के कानूनों का करना होगा पालन।
एजेंसी। नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फेसबुक पोस्ट को कुछ समय के लिए हटाने पर मेटा की माफी भारत के कानूनों, संविधान और संसद की जीत है।
अमेरिकी टेक कंपनी के अधिकारियों की केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के बाद सरकारी सूत्रों ने कहा कि मेटा ने मोदी की फेसबुक पोस्ट को कुछ समय के लिए हटाने और बच्चों के यौन शोषण वाली सामग्री से लेकर डीपफेक तथा बहुत सारे पैसे के बदले कुछ कंटेंट (विषय सामग्री) को बढ़ावा देने जैसी कमियों के लिए माफी मांगी। संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए लोकसभा सदस्य दुबे ने कहा, यह जीत भारत के कानूनों की जीत है। यह भारत के संविधान की जीत है। यह भारत की संसद की जीत है। यह 1.4 अरब लोगों का नेतृत्व करने वाले प्रधानमंत्री की ताकत को भी दिखाता है कि जो कोई भी भारत में कारोबार करना चाहता है, उसे देश के कानूनों का पालन करना होगा।
मेटा के वैश्विक मामलों के प्रमुख जोएल कपलान, जो भारतीय अधिकारियों के साथ बैठक के लिए अमेरिका से आए थे, ने एक लिखित बयान में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की पोस्ट को हटाने की गलती के लिए मेटा की ओर से मंत्री से माफी मांगी।
वहीं, पहचान जाहिर नहीं होने की शर्त पर सरकारी सूत्रों ने कहा कि कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क जुकरबर्ग की ओर से माफी मांगी गई थी। सरकारी सूत्रों ने बताया कि मेटा के वैश्विक अधिकारियों से बृहस्पतिवार को पूछताछ के एक और दौर के लिए रुकने को कहा गया है, जब इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री वैष्णव एक बार फिर कंपनी के वैश्विक अधिकारियों से मिलेंगे। इस बैठक में मेटा की तकनीकी टीम के अधिकारी भी शामिल होंगे।










