पूर्व सांसद के कोर्ट से बरी होने पर मनाया जश्न
हेमन्त पाठक। गोण्डा
महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत द्वारा पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को बरी किए जाने के बाद जनपद भर में उनके समर्थकों ने जश्न मनाया। नगर के गोर्नार्द लॉन में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र व सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह के प्रतिनिधि अजय सिंह की अगुवाई में समर्थकों ने डीजे बजाकर और जमकर आतिशबाजी करते हुए जश्न मनाया। इसी तरह करनैलगंज में भाजपा नेता व श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मोहित पाण्डेय के नेतृत्व में करनैलगंज बस स्टॉप चौराहे पर जुटे समर्थकों ने मिठाइयां बांटीं, पटाखे छोड़े और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य कर खुशी का इजहार किया।
समर्थकों ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए इसे सत्य की जीत बताया। उनका कहना था कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था और न्यायालय के निर्णय ने सत्य को सामने ला दिया। इस दौरान समर्थकों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया तथा जमकर आतिशबाजी की। कई लोगों ने फैसले के समर्थन में नारे भी लगाए। समर्थकों का कहना था कि यह फैसला उनके लिए खुशी का अवसर है। जिले के अन्य स्थानों पर भी समर्थकों द्वारा मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर खुशी मनाने की जानकारी मिली है। जश्न में डॉ. परमेश्वर सिंह, अशोक सिंह, त्रिलोकी सिंह, शिवा भट्ट, शशांक सिंह, आजाद कसेरा, बॉबी रजा, गौरव वैश्य सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।










