पायनियर संवाददाता
पीलीभीत।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव लोहरी फुलहर में सामने आया हत्याकांड केवल एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि रिश्तों के भरोसे पर भी गहरा सवाल छोड़ गया है। जिस पत्नी ने सात फेरों में जीवनभर साथ निभाने का वचन लिया था,आज वही पति की हत्या के आरोप में सलाखों के पीछे है। सबसे बड़ा दर्द यह है कि मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका अपना बेटा विवेक कुमार उर्फ़ विकास है।
पुलिस के अनुसार बेटे की तहरीर पर ममता देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान महिला ने कथित रूप से बताया कि उसने पहले पति उमाशंकर को कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाई और बेहोश होने के बाद साड़ी से गला घोंट दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था । जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि वर्ष 2024 में महिला ने गुजरात में काम करने के दौरान एक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है । पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है कि कहीं घटना के पीछे अवैध संबंध, पारिवारिक विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं था।
ग्रामीणों के अनुसार, उमाशंकर थाना क्षेत्र के गांव चितरपुर के रहने वाले थे कुछ साल पहले वह अपना घर बेचकर पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में रहने लगे थे। शायद उन्होंने कभी सोचा भी नहीं होगा कि जिस आंगन को अपना आशियाना बनाया, वहीं से उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी। घटना के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं और सवाल उठ रहे हैं।
यह मामला केवल एक हत्या की जांच नहीं, बल्कि टूटते रिश्तों और बिखरते पारिवारिक मूल्यों की भी दर्दनाक तस्वीर बनकर सामने आया है। फिलहाल माधोटांडा पुलिस ने रविवार को आरोपी पत्नी ममता देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
रिपोर्ट-अदनान खान










