सीएम योगी का आगरा दौरा, 421 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 और 26 जुलाई को आगरा के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा जनपद आगरा के लिए विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। शनिवार 25 जुलाई शाम 4 बजे मुख्यमंत्री राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा सीधे फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां उनका मुख्य कार्यक्रम प्रस्तावित है।

37 परियोजनाओं का शिलान्यास और 16 का लोकार्पण
टाटा ग्राउंड में मुख्यमंत्री 421.01 करोड़ रुपये की लागत वाली 53 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें 37 परियोजनाओं का शिलान्यास और 16 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। जनसभा को संबोधित करने से पहले वे वहां लगी सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र और नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे। इसके बाद शाम 6 बजे वे सर्किट हाउस में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक करेंगे।

अगले दिन रविवार 26 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। वे शिवाजी मंडपम सभागार में विश्वविद्यालय की बहुप्रतीक्षित ‘कैशलेस योजना’ का औपचारिक रूप से उद्घाटन करेंगे, जिसे लेकर विवि प्रशासन में खासा उत्साह है।

नगर निगम ने झोंकी ताकत, अलर्ट मोड पर अधिकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला व नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बुधवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अधिकारियों के साथ रमाडा से लेकर टाटा ग्राउंड, सर्किट हाउस, शाहजहां गार्डन, अवंतीबाई चौराहा, यमुना किनारा और नेशनल हाईवे होते हुए खंदारी कैंपस तक पूरे रूट का स्थलीय निरीक्षण किया।

नगर आयुक्त ने सड़कों के गड्ढे तत्काल भरने, पैच वर्क कराने, विशेष सफाई अभियान चलाने, बिजली के झुके हुए पोल सीधे करने और क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत कर रंगाई- पुताई के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री के आगमन से 24 घंटे पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त हो जानी चाहिए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

Report-समीर कुरेशी

रश्मि सिंह मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर हैं और मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्राउंड रिपोर्टिंग और कंटेंट लेखन से की तथा समय के साथ देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार चैनलों में कार्य किया। राजनीति, समसामयिक घटनाक्रम, उत्तर प्रदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन जगत की रिपोर्टिंग एवं विश्लेषण में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों क्षेत्रों में काम करते हुए उन्होंने तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को अपनी पहचान बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *