20.570 किलो ग्राम अवैध गांजा बरामद
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। राजधानी को मादक पदार्थों की तस्करी का सुरक्षित गलियारा बनाने की कोशिशों पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने शनिवार रात को बड़ा प्रहार किया। एएनटीएफ की बाराबंकी यूनिट और बीकेटी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई मे 20 किलो से अधिक अवैध गांजा के साथ दो अंतर्जनपदीय आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बाराबंकी यूनिट को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि लखनऊ से एक युवक से अवैध गांजे की बोरी को लेकर दो युवक बस से सीतापुर के रास्ते हरदोई जनपद मे रहने वाले युवक को देने जा रहे है।
मुखबिर की सूचना पर एएनटीएफ की बाराबंकी यूनिट और बीकेटी थाना पुलिस ने सीतापुर रोड़ माँ चंन्द्रिका देवी हॉस्पिटल के सामने उस संदिग्ध बस को रोक लिया और तलाशी के दौरान सीट के पास रखी दो बोरियों से 20.570 किलो ग्राम अवैध गांजा जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दस लाख तीस हजार रूपए आँकी गई। वहीं दोनों गिरफ़्तार युवकों की पहचान फ़िरोज निवासी खजाँची टोला, थाना कोतवाली नगर, हरदोई व दूसरे युवक की पहचान नजावत निवासी बढ़ईन पुरवा पिहानी चुंगी, थाना कोतवाली देहात, जनपद हरदोई के रूप मे हुई।
वहीं दोनों आरोपियों के पास से एक हजार अस्सी रूपए नगद, एक एंड्राइड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल व दो बस के टिकट बरामद हुए। आरोपियों के विरुद्ध बीकेटी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।










