गाजियाबाद को सीएम योगी की बड़ी सौगात, 868 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण
पायनियर समाचार सेवा
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गाजियाबाद जिले में 868 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद सीएम योगी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की मूर्ति का अनावरण किया। अनावरण के मौके पर उनके बेटे विधायक अजितपाल त्यागी, बड़े बेटे गिरीशपाल त्यागी और परिवार के अन्य लोग मौजूद रहे। मंच पर शिलान्यास के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पण करता हूं। जब राजनीति जनता की सेवा का माध्यम में बनती है तो नेता लोकप्रिय होता है। राजपाल त्यागी 6 बार विधायक बने। जिनमें दो बार निर्दलीय रहे। वह एक लोकप्रिय नेता थे। सीएम योगी ने कहा कि गाजियाबाद अपनी एक पहचान रखता है। अपने हस्तशिल्प के लिए जाना जाता है। 10 दशक पहले प्रदेश द्वार की स्थिति खराब थी। यहां की गुंडागर्दी पर फिल्में बनती थी। आगे सीएम ने कहा कि गाजियाबाद में इतनी अच्छी सड़के बनेंगे। नगर निगम इतना साफ होगा। पहली रेपिड रेल यहां चलेगी किसी ने सोचा नहीं था। पहले की सरकारों ने 32000 हजार करोड़ का बजट को देख प्रोजेक्ट को रोक दिया था। आज लगता है 2017 का फैसला अच्छा रहा। मेरठ से दिल्ली बस 40 मिनट रह रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने किया राजपाल त्यागी की मूर्ति का अनावरण
विकासखंड मुरादनगर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का भी अवलोकन किया। कृषि विभाग, गाज़ियाबाद के स्टॉल पर उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विभाग की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उप कृषि निदेशक ने मुख्यमंत्री को कृषि में कीट प्रबंधन के लिए उपयोगी सोलर लाइट ट्रैप की कार्यप्रणाली और उसके लाभों से अवगत कराया। साथ ही श्री अन्न (मिलेट्स) के पोषण, स्वास्थ्य और पर्यावरणीय महत्व के साथ इनके उत्पादन और प्रसार के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि विभाग के नवाचारों और किसानों को जागरूक करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ श्री अन्न के उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। श्रद्धांजलि समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वर्गीय राजपाल त्यागी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शामली-बिजनौर को दी सीएम योगी ने सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पहले शामली और फिर बिजनौर का दौरा किया। शामली में सीएम योगी ने 617.70 करोड़ रुपये की 90 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया, जबकि बिजनौर में 1003 करोड़ रुपये की 76 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास बटन दबाकर किया।
‘गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक ले जाएंगे’
बिजनौर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिजनौर के विकास को नई गति दे रही है। उन्होंने घोषणा की कि गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार हरिद्वार तक किया जाएगा, जिससे बिजनौर को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
2017 से पहले की सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले बिजनौर की स्थिति अलग थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय मुख्यमंत्री के बिजनौर न आने की बातें कही जाती थीं। उन्होंने कहा कि अब बिजनौर विकास और प्रगति का प्रतीक बन चुका है।
बिजनौर के विकास का जिक्र करते हुए सीएम ने विपक्ष पर कसा तंज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गन्ने की खेती के लिए प्रसिद्ध बिजनौर आज तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में हाईवे, रेलवे, मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं और गन्ना किसानों को समय पर भुगतान भी मिल रहा है।










