पायनियर संवाददाता
पीलीभीत। प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ महाअभियान के तहत रविवार को जिले में रिकॉर्ड स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। जिलेभर में विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता से 40 लाख से अधिक पौधे लगाए गए। अभियान का शुभारंभ माँ गोमती उद्गम स्थल से गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर किया।

इस दौरान आम, पीपल, बरगद, नीम, गुलमोहर, सहजन और सागौन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। गोमती उद्गम स्थल पर मानव श्रृंखला बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, जबकि गोमती तट से जुड़ी 16 ग्राम पंचायतों में भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने पीलीभीत को प्रदेश के सर्वाधिक वनाच्छादित जिलों में बताते हुए अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर जोर देते हुए प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। वहीं जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने सामाजिक वानिकी विभाग को सभी विभागों के समन्वय से लगाए गए पौधों की निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महाअभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, एसएसबी जवानों, स्काउट-गाइड, छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

एसपी ने पुलिस लाइन में पौधारोपण कर अभियान की शुरूआत की
वृक्षारोपण महाअभियान-2026‘के तहत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने पुलिस लाइन में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। जिले के सभी थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों में भी पौधे लगाए गए। एसपी ने नागरिकों से वृक्षारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की है ।
मेडिकल कॉलेज में हुआ वृक्षारोपण
एक पेड़ माँ के नाम के तहत वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा के नेतृत्व में वृहद वृक्षारोपण हुआ। चिकित्सकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। प्राचार्या ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्य पूरा कर लिया गया है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में कोटेदारों ने किया वृक्षारोपण
कस्बा बरखेड़ा में रविवार को जिलाधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देशन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) ने वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में कोटेदार मोहम्मद असलम और मुन्ने बक्श ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मां जीवन देती हैं और वृक्ष प्राणवायु प्रदान करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही आमजन से वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।
पीलीभीत राउंड टेबल 74 ने लगाए ढाई हजार पौधे
पीलीभीत राउंड टेबल 74 ने अपने कार्यकाल 2026-27 की पहली सामाजिक गतिविधि के तहत विकास खंड ललौरीखेड़ा के जिरौनिया में ढाई हज़ार पौधों का वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम का नेतृत्व अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण देने का संकल्प है। संस्था का इस वर्ष का विषय “साथ मिलकर आगे बढ़ें” है, जो समाज के सहयोग से सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देता है। अभियान में उपाध्यक्ष साजल अग्रवाल, सचिव राहुल रामचंदानी, कोषाध्यक्ष शिवांग अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष शोभित अग्रवाल सहित संस्था के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। संस्था ने वर्षभर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य संचालित करने का भी संकल्प लिया।










