बीसलपुर-पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लुहिचा में खेत से सिंचाई की पाइप चोरी होने के विवाद ने शनिवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जब आधा दर्जन हथियारबंद लोगों ने लाठी-डंडों और भालों से हमला बोल दिया। हमले में छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी देवनारायण के पुत्र अवनीश कुमार ने शुक्रवार रात धान की पौध की सिंचाई के लिए खेत में डीजल इंजन चलाकर प्लास्टिक की पाइप लाइन बिछाई थी। देर रात वह और उसका भाई धर्मेंद्र कुमार खाना खाने घर चले गए। वापस लौटने पर खेत से पाइप लाइन गायब मिली। पाइप चोरी को लेकर शनिवार सुबह पड़ोस के एक ग्रामीण से अवनीश की कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर बाद दूसरे पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग लाठी-डंडे और भाले लेकर मौके पर पहुंच गए और हमला कर दिया। हमले में अवनीश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, संजीव कुमार तथा बीच-बचाव करने पहुंचे गांव के अंकित और हरकेश घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बीसलपुर संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।










