नाला व पाइपलाइन निर्माण ने बिगाड़ी सड़क, कीचड़ व गड्ढों से राहगीर परेशान

अदनान खान। बरखेड़ा-पीलीभीत

कस्बे में बिजलीघर, सरकारी अस्पताल और वार्ड नंबर-1 को जाने वाली मुख्य सड़क निर्माण कार्यों की अव्यवस्था के कारण बदहाल हो गई है। बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़, जलभराव और गहरे गड्ढों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय निवासियों के साथ-साथ अस्पताल आने वाले मरीजों, स्कूली बच्चों और बिजलीघर तक पहुंचने वाले कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत के ठेकेदार ने महीनों पहले नाला निर्माण के लिए सड़क को दोनों किनारे खोद दिए थे, लेकिन कुछ हिस्से में निर्माण कार्य करने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया।

इससे घरों के सामने गंदा पानी जमा हो रहा है और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। इसी बीच पेयजल पाइपलाइन डालने के लिए भी सड़क किनारे खुदाई की गई, लेकिन मानकों के अनुरूप पटान नहीं होने से दोनों ओर गहरे गड्ढे बन गए हैं। लोगों का कहना है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हालत यह है कि मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस तक इस जर्जर सड़क पर फंसने और झटकों का सामना करने को मजबूर है। क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत से तत्काल सड़क की मरम्मत और अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने की मांग की है।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *