-
35 करोड़ की अकूत संपत्ति का खुलासा
-
रिटायर्ड एआरटीओ के घर से 1.62 करोड़ नकद
-
13 किलो सोना और 9 किलो चांदी बरामद
-
कुल संपत्ति 35 करोड़ आंकी गई
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में आगरा के तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (रिटायर्ड एआरटीओ) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापा मारा हैं। दो दिन तक चली कार्रवाई में करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा हुवा है। सात और आठ जुलाई को अलीगंज स्थित चंद्रलोक कॉलोनी के मकान पर हुई कार्रवाई में विजिलेंस टीम को इतनी बड़ी मात्रा में नकदी, सोना, चांदी, हीरे के आभूषण, संपत्तियों के दस्तावेज और निवेश संबंधी अभिलेख मिले कि नोटों की गिनती घंटे चलती रही और भारी मात्रा में अवैध संपत्तियों के पेपर इकट्ठा करने में टीम को कड़ी मेहनत करनी पड़ी है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत की जांच के बाद वर्ष 2024 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शासन के निर्देश पर इसकी विवेचना सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर द्वारा की जा रही है। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर विशेष टीम गठित की गई और दो दिन तक लगातार तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान टीम को मकान के अलग-अलग कमरों, अलमारियों और अन्य स्थानों पर पैकेटों में छिपाकर रखी गई करीब 1 करोड़ 62 लाख की नकदी बरामद हुई है। नकदी को अलग-अलग स्थानों पर इस तरह छिपाकर रखा गया था कि पहली नजर में उसका पता लगाना आसान नहीं था। गहन तलाशी के बाद पूरी रकम बरामद कर कब्जे में ली गई।
13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और हीरे के आभूषण भी मिले
सर्च के दौरान सोने की ईंटें, बिस्किट, भारी मात्रा में सोने के आभूषण, चांदी की ईंटें, बिस्किट तथा कीमती हीरे के आभूषण भी बरामद किए गए। सरकारी मान्यता प्राप्त वैल्यूअर से कराए गए मूल्यांकन में लगभग 13 किलोग्राम सोना और 9 किलोग्राम चांदी की पुष्टि हुई है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ आंकी गई है।
लखनऊ से नोएडा तक फैला करोड़ों का संपत्ति साम्राज्य
छापेमारी के दौरान लखनऊ के अलीगंज, वृंदावन योजना, इस्माइलगंज, मोहनलालगंज, बालकगंज, बाराबंकी और रायबरेली में आवासीय भवन, भूखंड और कृषि भूमि के दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा नोएडा की प्रतिष्ठित परियोजनाओं में फ्लैट बुकिंग से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार इन अचल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 13 करोड़ के आसपास है।
तलाशी में लग्जरी कारो सहीत एक करोड़ से अधिक दस्तावेज बरामद
तलाशी में टोयोटा इनोवा और हुंडई आई-20 कार, एक रिवॉल्वर तथा बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ से अधिक के निवेश संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं। आलीशान मकान में महंगे फर्नीचर,इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और साज-सज्जा पर किए गए भारी खर्च का भी पूरा ब्यौरा तैयार किया गया है।
करोड़ो की संपत्ति बरामद, हो रहा है सत्यापन
विजिलेंस के अनुसार अब तक की बरामदगी में नकदी, सोना-चांदी, हीरे के आभूषण, चल-अचल संपत्तियां, वाहन, घरेलू सामान और विभिन्न वित्तीय निवेशों को मिलाकर कुल संपत्ति का अनुमानित मूल्य करीब 35 करोड़ है। सभी दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है और उन्हें विवेचना में शामिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विजिलेंस टीम को एक लाख का पुरस्कार देने की घोषणा
इस बड़ी कार्रवाई की सफलता पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एवं निदेशक, सतर्कता अधिष्ठान ने लखनऊ सेक्टर की विजिलेंस टीम को एक लाख का पुरस्कार देने की घोषणा की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आरोपी की अन्य संभावित संपत्तियों तथा निवेशों की भी गहन पड़ताल की जा रही है।










