कार्बाइन से पुलिस पर बरसाईं गोलियां, 50 हजार का इनामी मेहताब एनकाउंटर में ढेर

12 किमी पीछा करने के बाद कांधला क्षेत्र में मुठभेड़, 34 मुकदमों का आरोपी था बदमाश

ब्यूरो रिपोर्ट : सन्नी गर्ग
शामली/कैराना। शामली पुलिस ने शुक्रवार तड़के कांधला थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मेहताब उर्फ बेचैन को मार गिराया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात मुकीम काला गैंग से जुड़े मेहताब ने पुलिस टीम पर 9 एमएम कार्बाइन से ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे बाबरी थाना क्षेत्र के हाथी करौदा गांव निवासी नरेंद्र और उनके भाई नरेशपाल खेतों पर जा रहे थे। जलालपुर कट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनका मोबाइल फोन, बाइक की चाबी और 180 रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी और फरार हो गए। सूचना मिलते ही जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाया गया। करीब 12 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने कांधला क्षेत्र की खंद्रावली पुलिया के पास दोनों बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान मेहताब ने पुलिस पर कार्बाइन से गोलियां बरसाईं, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।

मौके से पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, 180 रुपये नकद, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, 9 एमएम पिस्टल, 9 एमएम कार्बाइन, 13 जिंदा कारतूस और आठ खोखे बरामद किए हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

एसपी के अनुसार, मेहताब मूल रूप से कैराना का निवासी था और उसके खिलाफ शामली व सहारनपुर में लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी सहित 34 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह महिला सिपाही से जेवर लूट और हाल ही में शुगर मिल के सहायक प्रबंधक से लूट की घटना में भी वांछित चल रहा था। सहारनपुर रेंज के डीआईजी ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

दिल्ली | लखनऊ | रायपुर
आधिकारिक हिंदी समाचार सेवा”
“हर दिन नया मुद्दा, नई सोच और निष्पक्ष खबरों के साथ,
The Hindi Pioneer — सच के साथ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *