पायनियर संवाददाता। बीसलपुर-पीलीभीत
पुलिस अभिरक्षा से फरार चल रहे एक शातिर चोरी के आरोपी को बीसलपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। कई दिनों से फरार आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। एसपी सुकृति माधव मिश्रा के निर्देश में सीओ बीसलपुर और थाना प्रभारी बीसलपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुल्तान पुत्र इरफान निवासी मोहल्ला ग्यासपुर, थाना बीसलपुर के रूप में हुई है। वह 9 जून को पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। शनिवार सुबह मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खंड गोपाल कोठी के पास घेराबंदी की। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान उसके भागने के प्रयास को भी पुलिस ने विफल कर दिया। थाने लाकर पूछताछ करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुल्तान का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, बलवा, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2021 से अब तक थाना बीसलपुर में उसके विरुद्ध कई संगीन मामले पंजीकृत हो चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई बार कार्रवाई की जा चुकी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनीत कुमार, उपनिरीक्षक अतुल चौधरी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल मनीष कुमार तथा कांस्टेबल रवि कुमार शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।










