-12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के प्रत्येक जनपद मुख्यालय, तहसील, ब्लॉक, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन स्थलों के चयन में सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों को प्राथमिकता दी जाए तथा योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए प्रत्येक आयु वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
गोयल शुक्रवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि 15 जून से 21 जून तक पूरे प्रदेश में ‘योग सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवधि में जनपद मुख्यालयों, तहसीलों, ब्लॉकों एवं ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन प्रात:काल योग प्रोटोकॉल के अनुरूप सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार बताते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि रेडियो जिंगल, सोशल मीडिया अभियान, बैनर, योग सेल्फी अभियान तथा अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि चिकित्सालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, पुलिस स्टेशनों, बस स्टेशनों, नगर निकायों तथा ग्राम पंचायतों सहित सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रचार-प्रसार के लिए बैनर एवं सूचना सामग्री प्रदर्शित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि योग विशेषज्ञों एवं गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के सहयोग से योग कार्यशालाओं एवं ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। साथ ही रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। योग जागरूकता पखवाड़े के अंतर्गत योग रैली, प्रभात फेरी, योग संवाद, योग क्विज, पोस्टर, स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विजेताओं को सम्मानित किया जाए। सभी आयोजनों में पर्यावरण-अनुकूल (इको-फ्रेंडली) योग सामग्री के उपयोग पर विशेष बल दिया जाए। मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि योगाभ्यास संबंधी गतिविधियों की जानकारी एवं फोटो प्रतिदिन निर्धारित पोर्टलों पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। उन्होंने 14 जून को आयोजित होने वाले गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास में लोगों को प्रोत्साहित कर अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आयुष रंजन कुमार ने योग सप्ताह की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 15 जून को राज्य एवं जनपद स्तर पर उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। 16 जून को सामूहिक योगाभ्यास तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 17 जून को आयुष ग्राम योग दिवस के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में योग सत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। 18 जून को जेलों, अनाथालयों एवं झुग्गी-बस्तियों में विशेष योग सत्र आयोजित होंगे। 19 जून को सभी सरकारी एवं कॉरपोरेट कार्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा, जबकि 20 जून को महिलाओं के स्वास्थ्य विषयक योग कार्यशालाएं महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजभवन लॉन एवं रेजीडेंसी परिसर में तथा जनपद स्तर पर जिला मुख्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास के साथ आयोजित किए जाएंगे।
————–










