परतावल पुलिस की तत्परता से गुम हुआ तीन वर्षीय मासूम आधे घंटे में मिला

पायनियर संवाददाता। परतावल, महराजगंज

परतावल बाजार स्थित हाजी ज्वेलर्स के पास से गुम हुए तीन वर्षीय मासूम को परतावल चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज आधे घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार हम्मद राजा (3 वर्ष) पुत्र शाहिद अली निवासी जंगल पकड़ी पठान टोला, थाना पिपराइच, जनपद गोरखपुर, अपने परिजनों के साथ परतावल बाजार आया था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। बच्चे के गुम होने की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया।

 

सूचना मिलते ही परतावल चौकी प्रभारी अमित सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। चौकी प्रभारी अमित सिंह, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल समीउल्लाह खान तथा कांस्टेबल विकास यादव ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया। पुलिस टीम की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते मासूम हम्मद राजा को लगभग आधे घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को उसके पिता शाहिद अली पुत्र वाहिद अली के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और परतावल पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *