पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बीकेटी थाना क्षेत्र के बीकामऊ खुर्द गांव में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कुलदीप सिंह (45) पुत्र नरेन्द्र बहादुर सिंह निवासी बीकामऊ खुर्द के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुलदीप का शव घर के पास स्थित उनकी जमीन पर आम के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के पिता नरेन्द्र बहादुर सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनके बहनोई किशन पाल सिंह के पुत्र राजकिशोर, रामेन्द्र और लक्कू ने बीती रात उनके बेटे के साथ मारपीट की थी।
उनका आरोप है कि बाद में कुलदीप की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने लगाए गए आरोपों सहित मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










