ओटी टेक्नीशियन का डिप्लोमा कर रही छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

फोन नहीं उठाने पर रिश्तेदार पहुंचे, दरवाजा तोड़कर उतारा गया शव

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र में ओटी टेक्नीशियन का डिप्लोमा कर रही 19 वर्षीय छात्रा ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता द्वारा बार-बार फोन किए जाने के बावजूद कॉल रिसीव न होने पर रिश्तेदार को कमरे पर भेजा गया, जहां घटना का खुलासा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मूल रूप से लखीमपुर खीरी निवासी सेजल वर्मा (19), पुत्री संदीप वर्मा, लखनऊ में एक निजी अस्पताल में ओटी टेक्नीशियन (प्रथम वर्ष) की छात्रा थी। उसके पिता गन्ना मिल में बाबू हैं।

सेजल मड़ियांव के छठे मील इलाके में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शुक्रवार शाम पिता संदीप वर्मा ने बेटी को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने अपने साढ़ू के बेटे निखिल को कमरे पर जाकर देखने को कहा। निखिल के पहुंचने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मड़ियांव पुलिस ने दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया, जहां सेजल पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी मिली।

पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक टीम बुलाकर मौके की जांच कराई और छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मड़ियांव इंस्पेक्टर के अनुसार, परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। छात्रा के मोबाइल सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर बिंदु पर पड़ताल कर रही है।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *