लखनऊ, पायनियर खेल संवाददाता। डा. रामाश्रय सिंह स्मारक टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मैच में टॉस जीतकर प्रयागराज (साउथ) ने 20 ओवर में 148/9 रन बनाए, जिसमें फरहान ने 32 व सत्यम ने 28 रन जोड़े। लखीमपुर के अर्पित गौर ने 3 और हर्षित ने 2 विकेट चटकाए। जवाब में लखीमपुर ने आदित्य राय के शानदार अर्धशतक की बदौलत 18.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। अर्पित गौर ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए। इस जीत के साथ लखीमपुर खिताबी दौर में पहुंच गया, जहां बेहतर रन औसत व अंकों के आधार पर उसका सामना लखनऊ से होगा।
दूसरे मैच में एकलव्य क्लब लखनऊ 18.3 ओवर में 131 रनों पर सिमट गई। आदित्य दयाल ने 47 व मो. रेहान ने 25 रन बनाए। उन्नाव के अमोघ और आशुतोष ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में रौनित सिंह (54 ) और संदीप गिल (31 ) की पारियों से उन्नाव ने 1 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। रौनित को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले मैचों का शुभारंभ मुख्य अतिथि संदीप बंसल (राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल) और वरिष्ठ समाज सेविका रितु खरे द्वारा किया गया। 3 जून को तीसरे स्थान के मुकाबले के बाद लखीमपुर और लखनऊ के बीच खिताबी जंग होगी।