आज जारी होगी पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त, यूपी के किसानों को मिलेगा 4352 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ

लखनऊ। केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल से देशभर के किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त डिजिटल माध्यम से जारी करेंगे।

इस किस्त के तहत उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 4352.40 करोड़ रुपये की राशि सीधे भेजी जाएगी।

यूपी के किसानों को अब तक मिले 99 हजार करोड़ रुपये से अधिक

प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 22वीं किस्त तक कुल 99,032.58 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। इस योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवार के एक सदस्य को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इससे पहले मार्च 2026 में असम से किसानों को इस योजना की 22वीं किस्त जारी की थी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से की गई थी।

झांसी में किसानों के बीच रहेंगे मुख्यमंत्री योगी

प्रधानमंत्री के केंद्रीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में किसानों के बीच मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री वहीं से पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त वितरण कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी से ही यूपीएग्रीज परियोजना के खरीफ संस्करण का शुभारंभ भी करेंगे। यह परियोजना प्रदेश में कृषि विकास और खरीफ फसलों के उत्पादन को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

किसानों की आर्थिक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश के करोड़ों किसानों के लिए आर्थिक संबल साबित हुई है। नियमित अंतराल पर मिलने वाली सहायता राशि किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में मदद पहुंचाने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

दिल्ली | लखनऊ | रायपुर
आधिकारिक हिंदी समाचार सेवा”
“हर दिन नया मुद्दा, नई सोच और निष्पक्ष खबरों के साथ,
The Hindi Pioneer — सच के साथ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *