2027 में यूपी में सरकार बनाएगी भारत जोड़ो पार्टीः नासिर अली

पायनियर संवाददाता।बरेली
भारत जोड़ो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर नासिर अली के बरेली आगमन पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बुधवार को उपजा प्रेस क्लब में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी अपने दम पर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी और भाजपा की डबल इंजन सरकार का एक इंजन दिल्ली वापस भेजेगी।
नासिर अली ने कांग्रेस, भाजपा और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने समाज को बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो पार्टी सभी धर्मों और समुदायों को साथ लेकर चलेगी तथा सभी को समान अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए काम करेगी।
उन्होंने बताया कि पार्टी को 303 विधानसभा प्रत्याशियों की सूची मिल चुकी है। 15 नवंबर के बाद लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा को पार्टी की प्राथमिकता बताया।
नासिर अली ने वादा किया कि पार्टी की सरकार बनने पर कक्षा पांच से स्नातक तक छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा, महिलाओं को मुफ्त यात्रा, प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, 10 लाख रुपये तक स्वास्थ्य और मृत्यु बीमा तथा 300 से 400 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। शिक्षकों को भी लैपटॉप देने की घोषणा की।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव सैय्यद नाजिम अली, फिरोज खान, रमेश चंद्र भारती, अजमेरी शाह, सुधीर कुमार वाल्मीकि सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



