पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। गुडम्बा थाना क्षेत्र में गूगल से अस्पताल का नंबर खोजकर कॉल करना एक युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने पहले 10 रुपए के ऑनलाइन भुगतान के बहाने जानकारी हासिल की और कुछ दिन बाद उसके बैंक खातों व क्रेडिट कार्ड से करीब 1.85 लाख रुपेए निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद गुडम्बा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकीपुरम स्थित सृष्टि अपार्टमेंट निवासी गौर सिंह के अनुसार, उन्होंने गत 18 जून 2026 को अपोलो अस्पताल में नंबर लगाने के लिए गूगल से फोन नंबर खोजकर कॉल किया।
कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने ऑनलाइन 10 रुपए जमा करने को कहा और व्हाट्सएप पर एक एप्लीकेशन भेजी। पीड़ित ने बताए अनुसार यूपीआई के माध्यम से 10 रुपए का भुगतान करने की प्रक्रिया पूरी की। उस समय उनके खाते से कोई रकम नहीं कटी, जिसके बाद उन्होंने एप्लीकेशन अनइंस्टॉल कर दी, व्हाट्सएप नंबर ब्लॉक कर चैट भी डिलीट कर दी। पीड़ित का आरोप है कि गत 23 जून की सुबह करीब 9:30 बजे उनके विभिन्न बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड से कुल करीब 1.85 लाख रुपए की अनधिकृत निकासी हो गई।
इसमें एक्सिस बैंक खाते से 17,499.99, बैंक ऑफ इंडिया खाते से 25,299.63, इंडियन बैंक खाते से 2,199.98, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक क्रेडिट कार्ड से 49,999.78 और इंडसइंड बैंक क्रेडिट कार्ड से 89,999.93 की निकासी शामिल है। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद गुडम्बा थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है। गुडम्बा थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।