महिला जिम्नास्टिक ट्रॉयल 13-14 जुलाई से केडी सिंह बाबू स्टेडियम में, जिला और मंडल स्तर पर होगा चयन

लखनऊ, पायनियर खेल संवाददाता। उत्तर प्रदेश के आगरा में आगामी 4 से 5 अगस्त तक आयोजित होने वाली प्रदेशीय महिला जिम्नास्टिक प्रतियोगिता को लेकर लखनऊ मण्डल में तैयारियां तेज हो गई हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा की ओर से जारी पत्र के अनुसार, लखनऊ मण्डल की टीम तैयार करने के लिए केडी सिंह बाबू स्टेडियम में दो दिवसीय ट्रायल्स का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 13 जुलाई को जिला स्तर और 14 जुलाई को मंडल स्तर के ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। दोनों दिन ट्रायल का समय शाम 4 बजे निर्धारित किया गया है। इस चयन प्रक्रिया को संपन्न कराने की जिम्मेदारी सहायक प्रशिक्षक विकास पाण्डेय, जिला जिम्नास्टिक संघ की ज्योति यादव, खेल शिक्षक नमिता यादव और अंशकालिक प्रशिक्षक रविकान्त यादव को सौंपी गई है।

क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी ने मण्डल के अंतर्गत आने वाले उन्नाव, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर और हरदोई के क्रीड़ाधिकारियों व उपक्रीड़ाधिकारियों को भी कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी संबंधित जिले अपने-अपने स्तर पर जनपद स्तरीय ट्रायल की तिथि तुरंत निर्धारित कर चयन प्रक्रिया पूरी कराएं। इसके बाद वहां से चयनित खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि और समय पर लखनऊ में होने वाले मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल में प्रतिभाग करने के लिए भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला स्तर से मंडल स्तर के चयन व ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को कोई यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।

चयन प्रक्रिया को लेकर जारी कड़े निर्देशों में बताया गया है कि प्रतिभागी महिला खिलाड़ियों की आयु 31 दिसंबर 2026 को 25 वर्ष से कम होनी चाहिए। इसके साथ ही खिलाड़ियों को अपने साथ सक्षम स्तर से निर्गत एवं प्रमाणित आयु व जन्मतिथि प्रमाण-पत्र लाना अनिवार्य होगा और बिना इसके किसी को भी शामिल नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन व सरकार द्वारा जारी कोविड-19 के बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ट्रायल के ही दिन चयनित खिलाड़ियों की जनपद व मण्डल स्तरीय सूची कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए समय से मण्डल की मजबूत टीम तैयार की जा सके। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला युवा कल्याण अधिकारी को अपने स्तर से ब्लॉकों और स्कूलों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराकर अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आगरा में होने वाली प्रदेशीय प्रतियोगिता के लिए लखनऊ मण्डल की एक मजबूत और सर्वश्रेष्ठ टीम तैयार करना हमारा लक्ष्य है। चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के तहत संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। मण्डल के सभी संबंधित जिलों के खेल अधिकारियों को समय से ट्रायल कराने को कहा गया है ताकि कोई भी प्रतिभावान खिलाड़ी इस मौके से वंचित न रहे।
— डॉ. अतुल सिन्हा, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी, लखनऊ मण्डल

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *