ट्रकों से डीजल चोरी करने में गिरफ्तार

पायनियर संवाददाता।बदलापुर/जौनपुर
सिंगरामऊ पुलिस ने हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने और चालकों को धमकाकर तेल निकालने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुल्तानपुर जिले के बंधुआकला थाना क्षेत्र के ककरहिया निवासी सचिन यादव पुत्र पारसनाथ यादव के रूप में हुई है। उसके कब्जे से डीजल, .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक बीती रात सिंगरामऊ पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से स्कॉर्पियो चढ़ाने का प्रयास भी किया।मामले की पृष्ठभूमि में 15 अक्टूबर की घटना भी सामने आई है। इटावा निवासी ट्रक चालक मनीष कुमार ने सिंगरामऊ थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि जौनपुर हाईवे पर चार अज्ञात लोगों ने हाथ देकर उसका ट्रक रुकवाया और तेल नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। चालक के अनुसार, भयवश उसने ट्रक की टंकी से करीब 120 लीटर डीजल निकालकर आरोपियों को दे दिया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।



