मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तर प्रदेश

छह वारदातों का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार

-22 बंडल बिजली के तार, ट्यूबवेल केबल, चोरी में इस्तेमाल दो पिकअप समेत उपकरण बरामद शामली। बाबरी थाना पुलिस ने ट्यूबवेल और नलकूपों से केबल व कटआउट तथा विद्युत पोल से तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए तीन…

साझा करें WhatsAppFacebookX
छह वारदातों का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार
-22 बंडल बिजली के तार, ट्यूबवेल केबल, चोरी में इस्तेमाल दो पिकअप समेत उपकरण बरामद
शामली। बाबरी थाना पुलिस ने ट्यूबवेल और नलकूपों से केबल व कटआउट तथा विद्युत पोल से तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान, 22 बंडल बिजली के तार, दो ट्यूबवेल केबल, चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण, दो टाटा पिकअप वाहन और 1200 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चोरी का सामान कबाड़ियों को बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।
पुलिस के मुताबिक बाबरी थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल और विद्युत तार चोरी की लगातार घटनाएं सामने आ रही थीं। 17 जुलाई को कंजरहेड़ी, 24 जुलाई को हाथी करौंदा, 19 अगस्त को बन्तीखेड़ा में ट्यूबवेल से सामान चोरी किया गया था। इसके अलावा एक सितंबर को हाथी करौंदा के जंगल में विद्युत पोल से तार चोरी हुआ था। छह सितंबर को फतेहपुर और बन्तीखेड़ा में ट्यूबवेल से सामान चोरी किया गया। पांच और छह सितंबर की रात कुरमाली और हाथी करौंदा के जंगल में विद्युत पोल से तार व अन्य सामान चोरी किया गया था। इन घटनाओं के संबंध में बाबरी थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 9/10 सितंबर की रात बाबरी पुलिस ने हाथी करौंदा से खानपुर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग की। इसी दौरान ट्यूबवेल और विद्युत पोल से तार चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नदीम पुत्र तनवीर निवासी शिवाजी/राजपूत मोहल्ला गोंडा, थाना जाफराबाद, नई दिल्ली, साजिद पुत्र जमील अहमद निवासी खाईखेड़ा, थाना ककरौली, मुजफ्फरनगर और अब्दुल आहद पुत्र मोहम्मद अकरम निवासी गली नंबर-24, धर्मपुरी, थाना उस्मानपुर, नई दिल्ली के रूप में हुई।
पिकअप में लादकर ले जाते थे चोरी का सामान
शामली। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे टाटा पिकअप वाहनों का इस्तेमाल चोरी की वारदातों में करते थे। करीब आठ-नौ दिन पहले हाथी करौंदा के जंगल और करीब चार-पांच दिन पहले कुरमाली के जंगल से विद्युत तार चोरी किया था। इसके अलावा कंजरहेड़ी और बन्तीखेड़ा के जंगल से ट्यूबवेल केबल व कटआउट चोरी करने की बात भी आरोपियों ने स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब एक माह पहले कैड़ी और करीब दो माह पहले हाथी करौंदा के जंगल में भी ट्यूबवेल से केबल व कटआउट चोरी किए थे। चोरी किया गया सामान वे चलते-फिरते कबाड़ियों को बेच देते थे।