सपा को मिला नया जिला कार्यालय, धर्मेश गंगवार ने किया उद्घाटन

नकटादाना से गौहनिया रेलवे क्रॉसिंग के पास माधोटांडा रोड पर शिफ्ट हुआ पार्टी कार्यालय, विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना
पायनियर संवाददाता। पीलीभीत
समाजवादी पार्टी ने पीलीभीत में अपने जिला कार्यालय की नई शुरुआत की है। सोमवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने शहर से सटे गौहनिया रेलवे क्रॉसिंग के पास माधोटांडा रोड पर नए जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद कार्यालय का शुभारंभ हुआ।
अब तक समाजवादी पार्टी का अस्थायी जिला कार्यालय नकटादाना स्थित जिला महासचिव नफीस अहमद अंसारी की जगह पर संचालित हो रहा था। पार्टी ने अब कार्यालय को माधोटांडा रोड पर नए स्थान पर शुरू किया है। नए कार्यालय के खुलने से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक बैठकें करने, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने और पार्टी की गतिविधियों को संचालित करने के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
उद्घाटन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव, राजीव अग्रवाल टीटी, बालकराम सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नए कार्यालय की शुरुआत को जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



