मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
देश

पूर्व महिला सरपंच के परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर डेढ़ करोड़ की चोरी

-70 तोले सोना, ढाई किलो चांदी और साढ़े तीन लाख रुपये ले गए बदमाश पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद बल्लभगढ़ के शाहुपुरा गांव में गुरुवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने पूर्व महिला सरपंच राधा रानी के परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर घर में…

साझा करें WhatsAppFacebookX
पूर्व महिला सरपंच के परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर डेढ़ करोड़ की चोरी

-70 तोले सोना, ढाई किलो चांदी और साढ़े तीन लाख रुपये ले गए बदमाश

पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद
बल्लभगढ़ के शाहुपुरा गांव में गुरुवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने पूर्व महिला सरपंच राधा रानी के परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर घर में करीब डेढ़ करोड़ रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। बदमाशों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और वारदात के दौरान परिवार के सदस्यों के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी। चोर 70 तोले सोना, करीब ढाई किलो चांदी और साढ़े तीन लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

पूर्व सरपंच प्रतिनिधि देवी स्वरूप के अनुसार, रात में वह अपनी पत्नी राधा रानी और छोटे बेटे के साथ नीचे के कमरे में सो रहे थे, जबकि दूसरा बेटा और उसकी पत्नी ऊपर के कमरे में थे। परिवार की एक बहू बच्चे के साथ मायके गई हुई थी। राधा रानी ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे सो गई थीं। सुबह करीब चार बजे आंख खुलने पर उन्हें उठने में परेशानी महसूस हुई। उनके पति देवी स्वरूप को भी उठने में परेशानी हुई। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे देवी स्वरूप की नजर सामने वाले कमरे पर पड़ी। कमरे का दरवाजा खुला था और अलमारी का सामान बिखरा हुआ था।

अलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। इसके बाद ऊपर की मंजिल पर जाकर देखा तो वहां सो रहे बेटे के कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। कुंडी खोलकर पूरे घर की जांच की गई तो अलमारी में रखी साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी भी गायब मिली। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
———-