प्लास्टिक और पुराने कपड़ों से छात्राओं ने बनाए सजावटी उत्पाद

- जीजीआईसी में ‘वेस्ट टू बेस्ट’ कार्यशाला, 50 छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता
पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के 10वें दिन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) हल्द्वानी में ‘वेस्ट टू बेस्ट’ कार्यशाला आयोजित की गई। नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में ईको क्लब की करीब 50 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यशाला में छात्राओं ने प्लास्टिक वेस्ट और अन्य अनुपयोगी सामग्री से सजावटी गमले, फूलों की सजावटी वस्तुएं और पक्षियों के लिए घोंसले तैयार किए। वहीं पुराने कपड़ों से कुशन सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं बनाकर अपशिष्ट सामग्री के पुन: उपयोग का संदेश दिया। बैंणी सेना के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी ने छात्राओं को Reduce, Reuse और Recycle (3R) की अवधारणा की जानकारी दी। उन्होंने स्रोत पर कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और घर व विद्यालय में कचरे के उचित प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कचरे को केवल फेंकने की वस्तु न समझकर संसाधन के रूप में देखने की जरूरत है। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने छात्राओं द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मक पहल की सराहना की। कार्यक्रम में एसबीएम टीम से मनीष पांडे भी मौजूद रहे। कार्यशाला के माध्यम से छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए व्यवहार परिवर्तन का संदेश दिया गया।



