25 दुकानदारों का चालान, 15 हजार जुर्माना
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। नगर निगम जोन-तीन की टीम ने सोमवार को कुर्सी रोड स्थित चार नंबर चौराहे से छुइयापुरवा, सरगम अपार्टमेंट तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अतिक्रमण प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान 25 दुकानदारों का चालान किया गया और 15,000 का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा अतिक्रमण में एक ट्रक भर कर समान भी जब्त किया गया।

अभियान के दौरान एक महिला दुकानदार ने आरोप लगाया कि नगर निगम के एक कर्मचारी ने उसकी करीब 10 हजार कीमत की सेब की पेटी उठा ली। महिला के अनुरोध पर अतिक्रमण प्रभारी राजीव शर्मा ने मामले का संज्ञान लेते हुए पेटी वापस करवा दी, जिसके बाद विवाद शांत हो गया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध और नाराजगी भी जताई, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान बिना किसी बाधा के जारी रहा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई। अतिक्रमण हटाओ अभियान करीब पांच घण्टे चला। अभियान में नगर निगम की ओर से एसएफआई पुष्कर सिंह पटेल, प्रमोद गौतम, अदविका चौधरी, सुमित मिश्रा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।