मोटर पार्ट्स समेत दो रेस्टोरेंट में शार्ट सर्किट से लगी आग

चार दमकल की गाड़ियों ने पाया आग पर काबू,कोई हताहत नहीं
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। कृष्णानगर क्षेत्र के बरिगवां में गुरुवार तड़के आग लगने से तीन दुकानें जल गईं। आग की चपेट में दुकानों के बाहर लगे बैनर और होर्डिंग भी आ गए। सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस विकराल आग से एक बाइक मोटर पार्ट्स और दो रेस्टोरेंट बुरी तरह से जल गए और लाखों का नुकसान हो गया। आग गुरुवार तड़के करीब 2:30 लगी थी सूचना पर आलमबाग,सरोजनीनगर और हजरतगंज व पीजीआई से एक एक दमकल की मौके पर पहुंची थी। जहां कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया लेकिन तब तक तीनों दुकानों में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
मोटर बाइक पार्ट्स दुकानमलिक नितेश तोलानी के मुताबिक उनका करीब 15- 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इसके अलावा दो रेस्टोरेंट आशीष पटेल और पुष्पेंद्र सिंह का करीब आठलाख रुपए का नुकसान हुआ है। आलमबाग अग्निशमन अधिकारी सोमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि मोटर पार्ट्स की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लगी थी। जो देखते देखते फैल गई और दो अन्य दुकानों को भी अपने जद में ले लिया,चार दमकल की गाड़ियों से आग पर काबू पाया गया। तीनों दुकानों के भारी नुकसान हुए है। किसी प्रकार का कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।



