मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तरकाशी

देहरादून से सकुशल बरामद हुई नाबालिग, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

मोरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से सात दिन में खुला मामला उत्तरकाशी। पायनियर समाचार सेवा। थाना मोरी क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए…

साझा करें WhatsAppFacebookX
देहरादून से सकुशल बरामद हुई नाबालिग, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
  • मोरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता

  • सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से सात दिन में खुला मामला

उत्तरकाशी। पायनियर समाचार सेवा। थाना मोरी क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने देहरादून के नालापानी चौक क्षेत्र से नाबालिग को बरामद किया, जबकि दुष्कर्म के आरोपी को भी मौके से दबोच लिया गया। जानकारी के अनुसार, बीते 3 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना मोरी में अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने और वापस नहीं लौटने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने नाबालिग की शीघ्र बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए लगातार जांच की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने 10 सितंबर को देहरादून के नालापानी चौक से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी नीरज कुमार (20 वर्ष) पुत्र विजय कुमार, निवासी पुरोला गांव, हाल निवासी आर्यनगर, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर बीएनएस की धारा 65(1) तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 5(ठ) की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संतोष भट्ट, अपर उपनिरीक्षक भगत राम नौटियाल, कांस्टेबल अजय रमोला, कांस्टेबल महिदेव चौहान तथा एसओजी टीम के सदस्य शामिल रहे।