काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर चला विशेष स्वच्छता अभियान

- गूंजा स्वच्छता का संदेश, रेलवे-नगर निगम ने मिलाया हाथ
पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के 13वें दिन काठगोदाम रेलवे स्टेशन एवं आसपास विशेष स्वच्छता और जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में रेलवे अधिकारियों और नगर निगम की संयुक्त सहभागिता से आयोजित अभियान में स्टेशन परिसर, रेलवे ट्रैक के किनारे तथा निकटवर्ती बाजार में सफाई की गई।
सफाई टीमों ने जमा कचरे और प्लास्टिक को एकत्र कर उचित तरीके से हटाया। यात्रियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कचरे को स्रोत पर अलग रखने के लिए जागरूक किया गया। लोगों से निर्धारित कचरा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करने की अपील भी की गई। अभियान के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों ने स्वच्छता शपथ लेकर सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि स्थायी स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिक सहभागिता से ही संभव है। अभियान ने स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ बाजार और स्वच्छ हल्द्वानी का संदेश दिया।



