हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग पर बनेगा डबल लेन ओवरब्रिज, 84 करोड़ की वित्तीय मंजूरी

ओवरब्रिज बनने से राहगीरों और व्यापारियों को मिलेगी बड़ी राहत
रजनीश सिंह। हैदरगढ़ बाराबंकी
विधानसभा क्षेत्र हैदरगढ़ के विकास की कड़ी में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। क्षेत्रीय विधायक दिनेश रावत के सतत प्रयासों के फलस्वरूप हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर डबल लेन ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। शासन स्तर से इस परियोजना के लिए लगभग ₹84 करोड़ की धनराशि जारी कर दी गई है।
इस ओवरब्रिज के बनने से रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले भीषण जाम से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को हमेशा के लिए निजात मिलेगी, साथ ही क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा। इस महत्वपूर्ण सौगात पर आभार व्यक्त करते हुए विधायक दिनेश रावत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "हैदरगढ़ की जनता से हमने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने के लिए हम निरंतर प्रतिबद्ध हैं। हमने जो कहा, वह करके दिखाया है और आगे भी विकास की यह गति जारी रहेगी।
हमारे विरोधी भले सवाल उठाएं, लेकिन हम विकास कार्यों के धरातलीय परिणामों से ही जवाब देंगे।" विधायक ने दोहराया कि हैदरगढ़ का सर्वांगीण विकास ही उनकी पहली प्राथमिकता है और आने वाले दिनों में क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रयास और तेज किए जाएंगे। ओवरब्रिज निर्माण की खबर से क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों में भारी उत्साह व्याप्त है।



