घर में अचानक लगी आग से लाखों का सामान खाक

मिर्जापुर/ शाहजहांपुर । विकासखंड मिर्जापुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुटैटी उत्तर के गांव धियरपुरा में रविवार शाम एक छप्परदार मकान में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखी गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।आगजनी की इस घटना में करीब ढाई से तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
पीड़ित जगपाल पुत्र श्रीराम ने बताया कि उनकी बेटी पूनम की शादी होने वाली है।शादी की तैयारियों के लिए उन्होंने बड़ी मुश्किल से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद जुटाकर घर में रखे थे। इसके अलावा बेटी की शादी के लिए खरीदे गए प जेवरात भी घर में रखे हुए थे वो भी आग की चपेट में आकर जल गए।तो वहींपीड़ित की पत्नी विमला देवी ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला।
घर में रखे कपड़े, बिस्तर,घरेलू सामान और अन्य जरूरी सामान सब कुछ जलकर राख हो गया। आग लगने की घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने बेटी की शादी को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। परिवार का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है।



